काराकाट प्रखण्ड में नव गठित पैक्स मानिक परासी के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अध्यक्ष पद का चुनाव शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ। किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। यहां कुल 64 प्रतिशत मतदाताओ ने मतदात किया। प्रबन्ध कार्यकारिणी समिति सदस्यों के लिए चुनाव नहीं हुआ। इस लिए कि नामांकन करने वाले सभी 11 अभ्यर्थी अकेला थे। उनके प्रतिद्वंदिता में कोई आवेदन नहीं आ सका था। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए ही दो प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। राजकीय मध्य विद्यालय मानिक परासी में ही बनाए गए चार मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार भले नही लग सकी, परन्तु उत्साहित मतदाता गतिशील दिखे। नौ बजे के बाद आधी आबादी ने अपना दम दिखाना शुरू किया। नौ बजे तक मात्र 24 प्रतिशत ही मतदान हो सका था, जो 11 बजे तक 40.25 प्रतिशत पहुंच गया। हलाकि इस पैक्स में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष की तुलना में काफी कम है। परन्तु चिलचिलाती धूप को मात दे एक बजे तक 56.38 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। मतदान को लेकर मतदाताओं का उत्साह देखते बन रहा था। 92 वर्षीय कमला कुवर ने अपने पोते के सहारे वोट किया, 87 वर्षीय मनपातो कुवर ने पुत्र वधु के सहारे वोट किया, वही 85 वर्षीय बबन तिवारी ने तल्ख धूप को मात दे मतदान किया। जबकि रितीक कुमार तिवारी, संजय तिवारी, प्रेमरंजन तिवारी,बब्लू ब्राह्मण व पुनीत तिवारी पहली बार मतदान कर काफी खुश दिख रहे थे। निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ राहुल कुमार सिंह के अनुसार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। कृषक मतदाताओं ने पूरे उत्साह से भयमुक्त हो मतदान किया। चुनाव के दौरान सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध था। किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली। शाम 4.30 बजे तक 2263 मतदाताओं में 1453 यानि 64 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। कहा कि आज ही प्रखण्ड मुख्यालय पर मतगणना कराई जाएगी। वहां भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।








