सासाराम शहर के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास शनिवार को नो-एंट्री के दौरान बालू लदे ट्रैक्टर को रोकने के क्रम में ट्रैफिक सिपाही
मुकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बेहतर इलाज के लिए बनारस ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घायल जवान मुकेश कुमार (पुलिस नंबर-39) मूल रूप से नवगछिया जिले के रहने वाले हैं।
बताया जाता है कि सुबह करीब 8 बजे के आसपास नो एंट्री में एक बालू लदा ट्रैक्टर जा रहा था। सिपाही मुकेश कुमार ने उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने उन्हें रौंद दिया। इसके बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है। एसपी ने बताया कि दोषी चालक की खोजबीन की जा रही है। नो इंट्री में घुसा ट्रैक्टर को रोकने के दौरान यह घटना हुई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की जांच की जा रही है। जप्त ट्रैक्टर के मालिक एवं चालक का सत्यापन कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।








