काराकाट थाना परिसर में बकरीद को ले शांति समिति की बैठक की गई। अध्यक्षता सीओ डा रितेश कुमार व थानाध्यक्ष भगीरथ कुमार ने संयुक्त रूप से की। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी ने आपसी सौहार्द व शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की अपील की।कहा कि शोर शराबा से त्योहार में खलल पड़ता है। आपसी मतभेद बढ़ता है,जिससे व्यक्तिगत ही नहीं सामाजिक ह्रास भी हो सकता है। इस लिए त्योहार का आनंद लेना हो तो आपसी सौहार्द व शांति बनाए रखने में एक दूसरे का सहयोग करें। थानाध्यक्ष ने भी क्षेत्र में शांति बनाए रखने में लोगों से सहयोग करने की अपील की। कहा कि अगर आपके नजर में कोई उपद्रवी दिखे या आपको लगता है कि किसी व्यक्ति से शांति भंग हो सकती है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। बैठक में बिरेन्द्र सिंह, रितेश सिंह, समाजसेवी मुन्ना भारती, मुखिया धर्मेंद्र साह, वार्ड पार्षद सुरेश माली, पूर्व मुखिया मुन्ना अंसारी,सरपंच कृष्णा सिंह, रामप्रसाद यादव सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य ग्रामीण उपस्थित थे।







