सासाराम जिला अंतर्गत काराकाट थाना क्षेत्र के नोक परासी (नोखेया)गांव में शनिवार के अहले सुबह
में कुछ लोगों द्वारा आपसी विवाद में गोली चला दी गई, जिसमे गोली लगने से तीन युवक घायल हो गए। घायलों में उसी गांव के राजाराम सिंह के 28 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र कुमार व विनोद सिंह के 25 वर्षीय लल्लू कुमार व सौरभ कुमार शामिल है। सभी घायलों का इलाज बिक्रमगंज के करुणा अस्पताल में हो रहा है।मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ पहुंचे एएसपी संकेत कुमार मामले की छानबीन में जुट गए है। ग्रामीणों के अनुसार घटना गांव में चल रहे दो गोला कार्यक्रम की समाप्ति के तत्काल बाद घटी। गोबर्धन पूजा के अवसर पर यहां तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। अंतिम दिन शनिवार की रात दो चर्चित गायकों के बीच गायन प्रतियोगिता चल रहा था।कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात पर बहस शुरू हुई।मामला गम्भीर रूप लेता, इसके पहले किसी की सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने पहल कर मामले को सुलझा दिया। परन्तु सुबह करीब चार बजे कुछ लोग वहां पहुंचे और तड़ातड़ गोलियां चला दी। उन गोलियों से तीन लोग घायल हो वहीं गिर पड़े।कुछ पल के लिए लोगों में अफरा तफरी मच गई। सर्वत्र दहशत का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे।घायलों के स्वजन व अन्य ग्रामीणों द्वारा उन्हें इलाज के लिए करुणा अस्पताल ले जाया गया, जहां उन तीनों का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि लल्लू व सौरभ की स्थिति गंभीर बनी हुई है।चर्चा है कि पुलिस ने एक घर में छापामारी कर देसी कट्टा भी बरामद की है, और चार-पांच लोगों को हिरासत में ले रखी है। हलाकि पुलिस इस मामले में अभी कुछ भी बताने से कन्नी काट रही है।इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ कामेन्द्र के अनुसार शरद व लल्लू की हालत गम्भीर बनी हुई है।शरद कुमार के गर्दन, लल्लू कुमार यादव के पेट तथा सत्येंद्र कुमार के पैर में गोली
लगी है।इलाज जारी है।







