काराकाट थाना क्षेत्र पड़रिया निवासी एक किशोर से साइबर ठगों ने झांसे में लेकर 41हजार पांच सौ रुपये ठग लिया।

इस संबंध में भुक्तभोगी विशाल कुमार द्वारा प्राथमिकी के लिए थाना में आवेदन दिया गया है।ग्रामीणों के अनुसार मामला दुबई से जुड़ा हुआ है। भुक्तभोगी किशोर के पिता संतोष कुमार के अनुसार उनके 14 वर्षीय पुत्र को लोभ देकर ठगी की गई है। गत पांच व छह दिसम्बर को घर के मोबाइल फोन पर वाट्सअप काल आया। बातचीत के दौरान ठगों द्वारा 16 लाख रुपये कीमत का सोना व एक कीमती मोबाइल फोन मात्र 45 हजार रुपये में बिक्री करने की बात कही गई। लालच में पड़ा उनका पुत्र विभिन्न केंद्रों से उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए क्यूआर पर भेज दिया। इसके बाद ठग गिरोह के लोगों ने खुद को पुलिस बताते हुए उसे धमकाना शुरू किया। उनके धमकी भयभीत हो उसने घर छोड़ दिया।काफी खोजबीन के बाद जब वह घर आया तब सारा मामला सामने आया। थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से कहा कि साइबर ठग नित नए ठगी का हथकंडा अपना रहे हैं।इनसे सावधान व सतर्क रहने की जरूरत है।








