रोहतास: फर्जी शादी गिरोह का खुलासा, एक ही लड़की से कई कुंवारों की शादी; 5 गिरफ्तार
________________________________
डेहरी नगर थाना की पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन महिलाओं समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹1,32,850 नकद, पायल, बिछिया, मंगलसूत्र, सोने की नथुनी सहित आभूषण और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एएसपी अतुलेश झा ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 2 जनवरी को फर्जी शादी कराकर लगभग 1.40 लाख रुपए और जेवरात की ठगी की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करगहर थाना के गोरी गांव से जया कुमारी पटेल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर काराकाट रागिनी उर्फ झुनी देवी को पकड़ा गया। पूछताछ करने पर उसने गिरोह की जानकारी दी। बताया कि गिरोह में उन दोनों के अलावा धर्मशीला देवी, अभिषेक पटेल एवं श्रवण कुमार शामिल हैं।
एएसपी ने बताया कि ये लोग शादी का झांसा देकर राज्य से बाहर के ऐसे पुरुषों को निशाना बनाते हैं, जिनकी उम्र ज्यादा हो एवं उनकी शादी नहीं हो रही हो। वैसे पुरुषों से ये लोग अपने गिरोह की लड़की जया कुमारी पटेल से फर्जी तरीके से शादी करवा देते है तथा उनसे शादी के नाम पर मोटी रकम लेकर शादी के बाद वहां से फरार हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि रागिनी देवी उर्फ झुनी देवी की निशानदेही पर इस गिरोह के अन्य अभियुक्तों आयरकोठा निवासी धर्मशीला देवी, गोरी गांव निवासी अभिषेक पटेल व डेहरी नगर थाना के एनिकट निवासी श्रवण कुमार को गिरफ्तार किया गया।







